Saturday, January 15, 2011

मधुमयी गीता


        मधुमयी गीता
गीता तो सुन्दर अद्भुत है, एक मगर बस है प्याला |
जिसके अन्दर भरी हुई है, जीवन की अमृत-हाला |
जहाँ कृष्ण सा साखी हो, व अर्जुन सा पीने-वाला |
वहीं मिलेगी दीवानों को, सच्ची पावन मधुशाला |

             अध्याय एक
               1
कौरव पाण्डव की सेनाएं, तैयार खड़ी टकराने प्याला |
उछल रही छलकने जिससे, भरी हुई रक्तिम-हाला |
अन्धे राजा धृष्टराष्ट्र ने, दिव्यदृष्टि संजय से पूछा –
क्या हो रहा उस कुरुक्षेत्र, जो धर्मक्षेत्र है मधुशाला |
                                           2
संजय उवाच-
वे उकसा रहे शंखनाद कर, अपना-अपना सेन्य-प्याला |
जो जीतेगा उसे मिलेगी, साम्राज्य भरी मादक हाला |
भीष्म-पितामह कौरव के, व- कृष्ण बने पाण्डव के साखी |
पीने को मतवाले हो सब, खड़े हुए हैं मधुशाला |
                                           3
अर्जुन उवाच-
कौन-कौन से दीवानों का, मुझे तोड़ना है प्याला |
कौन-कौन पीनेवालों की, मुझे ढोलना है हाला |
मेरे साखी मुझे दिखाओ, ले जा दोनों सेना-मध्य |
जिनकी पीना जीवन-मदिरा, इस कुरुक्षेत्र की मधुशाला |
                                            4
जब अपनी ही मिट्टी से उसने, देखे कई-कई प्याले |
जब अपने ही से उसने देखे, कई-कई पीनेवाले |
तो डर मोहित हो बोला वह, मैं कैसे पीऊँ इनकी मदिरा |
जिनके साथ ही पीने जग की, मुझे चाहिए मधुशाला |
                                               5
गला सूखता, तन जलता जब, इनमें देखूँ मेरी हाला |
फिर उदास हो बैठ गया वह, छोड़ दिया गाण्डीव सा प्याला |
मर जाऊँ पर नहीं पिऊँगा, कुछ भी हो जाए साखी |
ये ना जानें हम तो जानें, धर्म की सच्ची मधुशाला |

              अध्याय दो
                                 6
कृष्ण उवाच-
हे अर्जुन क्यों पकड़ रहा तू, तुच्छ, नपुंसक, दुर्बल प्याला |
उसमें क्यों भर-भर कर पीता, तर्क नीति की झूंठी हाला |
तुम जैसे पीनेवाले को यह, शोभा नहीं देता है |
तू श्रेष्ठ-पुरुष की पी मदिरा, इस धर्मक्षेत्र की मधुशाला |
                                            7
अर्जुन उवाच- 
हे माधव! मैं तो असमंजस, बस मिट्टी का हूँ प्याला |
क्या पीना, कैसे पीना, नहीं जानूँ मैं भोलाभाला |
मेरे तो तुम ही साखी हो, तुम्हें समर्पित हूँ पूरा |
मुझे बताओ वह पथ जिस पर, चलकर पहुँचू मधुशाला |
                                            8
मैं नहीं जानता क्या होता है, धर्म का सच्चा पावन प्याला |
मैं नहीं जानता क्या होती है, जीवन की अमृत-हाला |
उचित लगे जो मुझे पिलाओ, बन कर तुम मेरे साखी |
पर युद्ध की मदिरा ना पिऊँगा, इस धर्मक्षेत्र की मधुशाला |
                                             9
कृष्ण उवाच-
जो कल-कल छल-छल करती दिखती, भरा हुआ जिससे हर प्याला |
वह अजर, अमर, नित्य, अविनाशी, कहलाती जीवन-हाला |
जो अव्यक्त, अवध्य, सत्य, अविकारी, अचल बैठा अन्दर बन साखी |
जो इसे जानता वही जानता, सच्ची, पावन मधुशाला |
                                              10
प्याले टूटते फिर बन जाते, फिर-फिर भरती उसमें हाला |
पहिले मैं, तू, ये सब भी थे, भिन्न मगर था सब का प्याला |
आगे भी हम सब होंगे, पर- आकार अलग-अलग होगा |
मैं जानूँ पर भूल गया तू, क्या होती सच्ची मधुशाला |
                                               11                                           
जो भी आता इस मदिरालय, कहलाता पीनेवाला |
अनन्त इच्छाओं की पीता, वह मीठी-कड़वी हाला |
पी-पी कर भी जो अतृप्त, प्यासा ही लौट जाता |
वह एक नया प्याला ले फिर से, आता इस जग की मधुशाला |
                                              12
जब जीर्ण हो कोई टूटता, इस मदिरालय मिट्टी-प्याला |
तो नये पात्र में भर जाती है, जीवन की अमृत-हाला |
पर निराकार, अव्यय, अनश्वर, स्थिर जो अन्दर साखी |
जो उसे जानता वही जानता, सर्वत्र है मेरी ही मधुशाला |
                                                 13
वह न था पीनेवाला, जब तक न थमा था प्याला |
ना ही वह यहाँ होगा, जब पी लेगा अपनी हाला |
बस वह तो कुछ ही समय, दिखता है इस मयखाने |
जो साखी बन बस देखे सब, वो जाने सच्ची मधुशाला |
                                                  14
क्यों बीच सभी पीनेवालों के, डगमग होता तेरा प्याला |
क्यों डगमग-डगमग करती बन कर, दुर्बल, कायर तेरी हाला |
यह तुझको शोभा नहीं देता, तू उठ पी यह रण-मदिरा |
वरना बदनाम करेंगे तुझको, जो पीने आए इस मधुशाला |
                                                  15
तेरी बदनामी होगी यदि, पीया न तुझने यह प्याला |
जिसके अन्दर भरी हुई है, धर्मोचित युद्ध-हाला |
इसको पीनेवालों के लिए, जीना-मरना एक समान |
यदि जीते तो धरती की, मरे मिले स्वर्ग-मधुशाला |
                                                   16
चाहे सुख-दुख, जीत-हार की, मीठी या हो कड़वी हाला |
सम भाव रख कर्म की मदिरा, पीता जा बस बन एक प्याला |
न तो तू साखी ही बन, ना ही बन पीनेवाला |
छोड़ सभी स्वादों के बन्धन, पा जाएगा मधुशाला |
                                                    17
जिसकी सारी इच्छाएं, सिमट गई हों इक प्याला |
जिसकी सभी कामनाएं मिट, बन गई हों बस हाला |
जितना अर्थ नदी-नालों में, होता मिल जाने पर सागर |
उसका उतना ही प्यालों में, होता पाने पर मधुशाला |
                                          18
तेरा हक है बस पीने का, चाहे मिले कोई भी प्याला |
तू पीता जा बस पीता जा, तू तो है बस पीनेवाला |
जैसा तेरा पीना होगा, तू वैसा नशा ही पाएगा, पर –
यदि बस पी मेरी ही मदिरा, तो पाएगा सच्ची मधुशाला |
                                                 19
जिसने हो स्नेह-रहित, त्याग दिया द्वन्दों का प्याला |
जिसने छोड़ दिया हो पीना, काम-वासना की हाला |
जो आत्म-नशे में ही हरदम, मस्त रहा करता है |
वह स्थितिप्रज्ञ पीनेवाला ही, पता है मेरी मधुशाला |
                                               20
जो कछुए सा विषय-मदिरा से, हटा लेता इन्द्रिय-प्याला |
जो निवृत हुआ हो पीने से, मन की आसक्ति-हाला |
जो मुनि हरदम ही पीता हो, केवल मेरे ध्यान की मदिरा |
वह बिन डगमग पीनेवाला, पाता मेरी ही मधुशाला |
                                               21
जो हरदम सोचे कैसे पाऊं, अपनी इच्छाओं की हाला |
ना मिलने पर उस आसक्त की, भड़क उठे क्रोध की ज्वाला |
जिसके कारण उसकी स्मृति, व बुद्धि नष्ट हो जाती है |
वह विमूढ़ कैसे पावेगा, सच्चे सुख की मधुशाला |
                                               22
वह सोता जब सब जग जागे, पाने मृग-मय का प्याला |
जब जग सोता वह जागता, पीने सच्ची मधु, हाला |
जैसे विचलित किये बिना ही, नदियाँ समा रही सागर में |
वैसे ही बिन डगमग पीता, वह जिसने जानी मधुशाला |
                                                 23
उसमें क्या डालेगा कोई, जिसका पूर्ण भरा हो प्याला |
उसमें बस वो ही मिल सकता, जो घुल जाए उस हाला |
रत्नों के प्याले मिट्टी से, लगते हों जिसको हरदम |
वह स्थितिप्रज्ञ पीनेवाला ही, पाता शांतिमयी मधुशाला |
                                               24
जिसने बस पीने चुनी हो, केवल ज्ञान की ही हाला |
वह किसी को न तो पिलाता, ना ही बनता पीनेवाला |
वह तो बस दर्शक बन देखे, हरदम तन-मन-बुद्धि प्याला |
उसका मैं, मेरा वो साखी, एक हमारी मधुशाला |
                   अध्याय तीन
                                   25  
तू चाहे थाम प्रेम-मदिरा का, या थाम ज्ञान का प्याला |
पर बुझेगी प्यास तभी, जब पियेगा कर्म की हाला |
यदि छोड़ना चाहे तो भी, तू नहीं छोड़ पाएगा |
प्रकृति सा साखी जबरन ही, पिला ही देगा इस मधुशाला |
                                               26
बिना थामे कैसे जानेगा, क्या होता है मदिरा प्याला |
बिना पीये कैसे जानेगा, क्या होती कर्मों की हाला |
बिना पीये कोई भी इस जग, पल भर भी नहीं रह सकता |
तू जबरन ही उसके वश हो, बन जाएगा पीनेवाला |
                                                27
जो मूढ़ पुरुष हठपूर्वक, नहीं पकड़ते इन्द्रिय-प्याला |
लेकिन मन में हरदम पीते, विषयों की ही विष-हाला |
ऐसे पीनेवाले होते, दम्भी व मिथ्याचारी | पर-
अनासक्त हो कर्म की मदिरा, पीता जो पाता मधुशाला |
                                              28
मैंने कल्प के आदि में, जब रचा जग का प्याला |
और बनाए पीनेवाले, और बनाई मधु, मय, हाला |
पहले पिलाओ फिर खुद पियो, उन्नत होगा यह मदिरालय |
जिससे मिलेगी तृप्ति तुमको, पा जाओगे मधुशाला |
29
मदिरालय पीनेवालों से, मदिरा से पीनेवाला |
साकी पिला रहा सबको, विहित-कर्म की मधु, हाला |
मय अंगूर, अंगूर लता से, लता बीज अविनाशी से |
वह ‘अक्षर बीज ही असल नशा है, जिससे चहक रही मधुशाला |
30
न मुझे जरूरत पीने की, न मुझे अप्राप्त कोई प्याला |
फिर भी सदा सावधानी से, पीता कर्मों की हाला |
यदि ध्यान से मैं ना पीऊँ, डगमग सब हो जाएगा |
मैं जो पीता सब वो पीते, पाने को पावन मधुशाला |
31
रजोगुणी रज से जो बनता, वह होता कामी-प्याला |
जिसके उर में धधक रही, काम-वासना, क्रोध की ज्वाला |
उसमें चाहे जितनी भी तुम, भोगों की मदिरा डालो |
जितना डालो उतनी बढती, ऐसी वह प्यासी मधुशाला |
32
तन तो बस होता है जैसे, होता एक खाली प्याला |
जिसमें सब भर-भर कर पीते, अपने-अपने मन की हाला |
चेतन बस साखी बन देखे, तुम क्या पीते क्या न पीते |
जो जैसा पीता वैसी ही, पा जाता है मधुशाला |
33
यह शरीर तो होता है, केवल एक खाली प्याला |
मन-इन्द्रियाँ-बुद्धि की, जिसमें भरी हुई हाला |
जो आत्म-साखी से पीता हरदम, इसमें भर-भर पावन मदिरा |
वही है सच्चा पीनेवाला, उसे ही मिले सच्ची मधुशाला |

            अध्याय – चार
34               
जब-जब मधु-रस कम होता है, इस अवनी आँगन प्याला |
तब-तब मैं साखी बन आता, भर देने इसमें हाला |
नष्ट कर रहे जो मदिरालय, मैं फोड़ता उनके प्याले |
व सच्चे पीनेवालों को, सौंप देता मैं यह मधुशाला |
35
मैं प्याला, मैं ही साखी हूँ, मैं ही हूँ सच्ची हाला |
फिर भी बार-बार आता हूँ, बन कर एक पीनेवाला |
जैसे-जैसे मैं पीता हूँ, वैसे ही सब पीते हैं |
साथ-साथ पीने पिलाने, आता मैं इस जग-मधुशाला |
36
इस जग में मैंने बनाए, चार अलग-अलग प्याले |
चार तरह की ही मदिरा, व चार तरह के पीनेवाले |
सब कुछ मैं ही करता हूँ पर, फिर भी कुछ नहीं करता |
जो मुझसा निर्लिप्त हो पीता, वो पता सच्ची मधुशाला |
37
जो पीकर भी कुछ न पीता, ना पीकर भी पीनेवाला |
वो ही सच्चा आशिक है, उसी ने पी सच्ची हाला |
जो कोई बिन ईच्छा पीता, जिसकी शांत हो उर की ज्वाला |
उसे ‘पियक्कड़’ भी कहते हैं, सच्ची पावन मधुशाला |
38
हर आनेवाला पीता है, यहाँ अलग-अलग प्याला |
कोई यहाँ मदिरा पीता है, कोई पीता अमृत-हाला |
कोई नयनों से, कोई होठों से, हैं कई तरीके पीने के |
कैसे भी यदि तृप्ति मिले तो, पा जाइयेगा मधुशाला |
39
यदि पीया है अबतक तूने, बस हलाहल का प्याला |
और अंत में भी पी लेता, यदि ज्ञान की तू हाला |
तो शांत करेगी वह तेरे, अज्ञान की उर में जलती ज्वाला |
फिर बस तू दीवाना बन, पा जाएगा मधुशाला |
40
जिसने थामा हो अविवेक व, अश्रध्दा का वदरा प्याला |
जो हरदम ही पीता हो, संशय की मदिरा हाला |
ऐसा पीनेवाला हरदम, मूर्छित ही रहता है |
वह इहलोक ना परलोक की , न पावे सुख की मधुशाला |
           अध्याय – पाँच
41  
जो सब कुछ पीता पर जाने, वह तो नहीं पीनेवाला |
हरपल-हरक्षण जिसके अन्दर, बस थिरके मेरी ही हाला |
वह दीवाना हरदम ही, मदमस्त हुआ रहता है |
अन्दर-बाहर चहुँ दिशा बस, उसके चहके मधुशाला |
42
तू कर्तव्य समझ कर बस, पीता जा अपना प्याला |
पीता जा बस पीता जा, बिन चाह कर्मों की हाला |
अर्पण कर तू स्वयं को, हाथों में उस साखी के |
निर्लिप्त कमलपत सा बस पी, पा जाएगा मधुशाला |
43
बिन चाह ही जो पीता है, बनकर बस एक पीनेवाला |
तन-मन-बुद्धि-इन्द्रियाँ, जिसके लिए हैं बस एक प्याला |
जिसे न चाह कोई मदिरा की, बंधे ना ऐसा पीनेवाला |
वह त्याग सभी फल पीने का, पा जाता है मधुशाला |
44
उसने तो बस तुम्हें दिया, सिर्फ़ एक खाली प्याला |
उसने तो बस तुम्हें दिया, मद, मदिरा, मधु, मय, हाला |
क्या पीना, कैसे पीना, क्यों पीना ये तुम जानो |
वह साखी बन देख रहा बस, तुझको पीते इस मधुशाला
45
जो देखता केवल मुझको, हरएक ही पीनेवाला |
जो हरदम बस पीता हो, केवल मेरी ही हाला |
जिसमें थिरक रहा हो केवल, तत्वज्ञान बन एक नशा |
ऐसा पीनेवाला हरदम, रहता मेरी ही मधुशाला |
46
जो पीनेवाला उद्विग्न न हो, मिलने पर अप्रिय प्याला |
जो पीनेवाला हर्षित न हो, मिलने पर प्रिय मदिरा हाला |
वह सम भाव से पीनेवाला, केवल मेरी ही मदिरा पी कर |
रहे मस्त सदा आनन्द नशे में, उसे ही मिले अक्षय मधुशाला |
47
सुख देनेवाला लगता है, मदिरा भरा हुआ यह प्याला |
लेकिन नशा उतरने पार, बनता वह दुख देनेवाला |
जो जान सभी सुख-दुख के फंदे, छोड़ यहीं देता पीना |
वह सदैव अमृत-मधु पीता, अपने उर सच्ची मधुशाला |
48
जिसने फोड़ दिया हो अपने, भरे हुए पापों का प्याला |
जिसके दूर हुए सब संशय, पीकर ज्ञान की अमृत-हाला |
जो सबको बनकर साकी, पिला रहा परमार्थ की मदिरा |
वही शून्य का मौन नशा, वही पूर्ण चहकती मधुशाला |
49
जो भी पीनेवाले पीते, हरदम केवल मेरी हाला |
जो भी पीनेवाले देखे, मुझमें ही हर एक प्याला |
जो सदैव मुझको ही साकी, और समझे पीनेवाला |
वही है मेरा सच्चा आशिक, उसे ही मिले सच्ची मधुशाला |

        अध्याय – छ:
50
वह योगी नहीं जो केवल छोड़े, बस क्रियाओं का प्याला |
वह नहीं सन्यासी जो बस छोड़े, केवल अग्नि की ज्वाला |
जो संकल्प त्याग, निरासक्त हो, पीता केवल कर्म की मदिरा |
वह योगी है, वही सन्यासी, उसे ही मिले सच्ची मधुशाला |
51
जिसने किया हो वश में अपने, तन-इन्द्रियों का प्याला |
जिसने किया हो वश में अपने, वेगित मन की प्रमथन हाला |
पर वह शांत व सम होकर, पीता सब द्वंदों में |
ऐसा स्वाधीन पीनेवाला ही, पाता सच्ची मधुशाला |
52
जो निर्लिप्त अकेले में ही, पीता मेरा कल्पित-प्याला |
जो बिन डगमग हो पीता हरदम, केवल मेरी ही हाला |
जैसे वायु-रहित जगह में, दीपक की लौ स्थिर रहती |
वैसे ही यह पीनेवाला, उपराम हुआ पाता मधुशाला |
53
जो मुझे ही देखता हो हरदम, हर एक भूतों का प्याला |
जो सब प्यालों का प्रतिबिम्ब, देखे केवल मेरी हाला |
जो समदृष्टि हो एकीभाव से, पीता हरदम मेरी मदिरा |
वह परमश्रेष्ट पीनेवाला, पाता मेरी ही मधुशाला |
54
माना मुश्किल होता पीना, जो लगती कड़वी हाला |
लेकिन अथक कोशिशों से तू, बन सकता है पीनेवाला |
ऐसे पीनेवालों की कभी, दुर्गति नहीं होती है |
वह पीनेवाला दीवाना, आखिर में पाता मधुशाला |

      अध्याय – सात
55
हजारों में कोई यत्न करे इक, पाने को मेरा प्याला |
उसमें भी कोई इक दीवाना, पीता है बस मेरी हाला |
ऐसा पीनेवाला जाने, बस सच में मेरा नशा |
केवल ऐसा दीवाना ही, पाता है मेरी मधुशाला |
56
पंच-तत्व से बना हुआ, यह जो दीखता मादक प्याला |
मन,बुद्धि व अहंकार की, जिसमें भरी हुई हाला |   
ये सभी पीने के साधन, जड़-प्रकृति कहलाते हैं |
लेकिन जो चैतन्य नशा है, वही है सच्ची मधुशाला |
57
उसमें गुंथा जग-मदिरालय, जैसे प्यालों की माला |
जिसमें भरी हुई है केवल, मेरी ही जीवन हाला |
मदिरा, प्याले, पीनेवाले, सबमें है मेरा ही नशा |
मैं उनमें पर, मुझमें वे नहीं, ऐसी मेरी मधुशाला |
58
मेरे ही कारण सारा जग, बना हुआ है इक प्याला |
मैं ही रमा बसा कण-कण में, बनकर के जीवन हाला |
मेरे ही माया-साखी से, मोहित है हर पीनेवाला |
लेकिन मेरे नाम का मधु, पीता जो पाता मधुशाला |
59
चार तरह के पीनेवाले, आते पीने मेरी हाला |
अर्थार्थी, आर्त, जिज्ञासु, या जिसके पास हो ज्ञान का प्याला |
ये सब चारों ही होते हैं, सच्चे प्यारे पीनेवाले |
पर ज्ञानी तो हरदम पीता, आकर मेरी ही मधुशाला |
60
जो अन्य सभी पीने की करते, अलग-अलग इच्छा-हाला |
उसका उस-उस देव-साखी से, भरवाता मैं ही प्याला |
ऐसे पीनेवालों का यह, नशा उतरता है एक दिन |
पर मेरी ही जो मदिरा पीता, पा जाता सच्ची मधुशाला |
61
यदि बुद्धू जो पीनेवाला, समझे मुझको मानव-प्याला |
जिसमें भरी हुई होती है, इन्द्रिय-मन की चंचल हाला |
वह नहीं जानता मैं अविनाशी, अन्दर छुपा अव्यक्त नशा |
ऐसा पीनेवाला कैसे, पाएगा मेरी मधुशाला |

              अध्याय – आठ 
62
सच्चा ‘कर्म’ जो यह जान ले, एक ही है मदिरा हर प्याला |
जो स्वाभाविक थिरके अन्दर, वह ‘आध्यात्म’ ही असली हाला |
जिसका नशा कभी ना उतरे, वह नशा ‘ब्रह्म’ मैं ही हूँ |
जो जाने मैं बसता रग-रग, वो जाने सच्ची मधुशाला |

63
जो आता-जाता इस मदिरालय, वह ‘अधिभूत’ पीनेवाला |
‘अधिदेव’ सा सबका होता, साखी एक पिलानेवाला |
पर मैं ‘अधियज्ञ’ ही वह नशा, जो हरदम सबमें रहता |
जो अंत समय भी यह जान ले, वह पाता सच्ची मधुशाला |
64
दिन-रात निरन्तर तू पी, मेरे नाम की कल्पित हाला |
अर्पण कर मुझको तेरा जो, मन-बुद्धि से भरा है प्याला |
फिर जो भी चाहे तू कर पर मैं, तुझे संभालूँगा साकी |
तुझे बार-बार मदिरा पीने ना, आना होगा जग-मधुशाला |
65
कृष्ण-मार्ग से हरदम रहते, आते-जाते पीनेवाले |
पर शुक्ल-मार्ग से गए हुए, फिर नहीं लौटते मदिरालय |
जान राह दोनों यदि कोई, छोड़े सभी काम-वासनाऐ |
वह निसंदेह ही पा जाता है, सच्ची पावन मधुशाला | 

            अध्याय – नो
66
मेरे ही कारण मिट्टी, जल, जिनसे बनता तन-प्याला |
अंगूर, लता मेरे ही कारण, जिनसे बनती जीवन-हाला |
देव-साकी सब पिला रहे, मेरे ही कारण मदिरा |
फिर भी मैं कुछ भी न करता, अलग ही है मेरी मधुशाला |
67
जैसे जल से बरफ, आकाश में वायु, मुझसे भरा हुआ जग सारा |
मेरे ही कारण स्थित है, जिसमें हरएक पीनेवाला |
पर सच में, मैं नहीं किसी में, ना ही कोई मुझमें है |
जो जैसा पीता वैसी ही, पा जाता है मधुशाला |
68
मेरे ही कारण मदिरालय, प्याला, हाला, पीनेवाला |
पर कामी विक्षिप्त असुर, पीते व्यर्थ ही मोहिनी हाला |
ये मूढ़, अज्ञानी समझे मुझको, साधारण पीनेवाला | पर-
मैं वह परम-नशा हूँ जिससे, झूम रही सारी मधुशाला |
69
जो मुझे जानते सत्य अविनाशी, कारण सब भूतों का प्याला |
वे भक्त, महात्मा, ज्ञानीजन, पीते हरदम मेरी हाला |
सबकी अलग भाव-मदिरा पर, नशा एक होता है |
क्योंकि मैं ही प्याला, मैं ही हाला, मैं ही हूँ पूरी मधुशाला |
70
जो हरदम सकाम कर्म का, थामें होते हैं प्याला |
जो वेद-साखी से चाहें हरदम, सोमरस की ही हाला |
वे पुण्य-नशा भोग स्वर्ग में, धरती पर फिर वापस आते |
पर पीते जो निष्काम हो मदिरा, पाते सच्ची मधुशाला |
71
मदिरालय देवों का पाते, जो पीते देवों का प्याला |
मदिरालय पितरों का पाते, जो पीते पितरों की हाला |
मिले भूत का मदिरालय यदि, भूत ही हो उनका साकी |
पर मेरा मधु कैसे भी कोई, पीये मिले मेरी मधुशाला |
72
जो प्रेम से मुझे पिलाता, पत्र,पुष्प,फल,जल की हाला |
उसको भी मैं पीता हूँ, बन कर एक पीनेवाला |
इसीलिए तू जो भी कर, बस मुझको ही अर्पण कर |
हो सभी कर्म-बन्धन से मुक्त, तू पा जाएगा मधुशाला |
73
मैं सम-भाव से स्थित हूँ, हर एक ही पीनेवाला |
पर बड़े प्रेम से पीता जो, हरदम मेरी ही हाला |
वह सदा नशे में मेरे ही, मदमस्त हुआ रहता है |
वह चाहे कोई भी हो, पाता मेरी ही मधुशाला |

       अध्याय – दस
74  
मेरी उत्पत्ति ना जाने, विक्रेता चाहे पीनेवाला |
मैं सबका ही आदि-बीज, चाहे अंगूर,लता,मदिरालय,हाला |
जो मुझे अविनाशी,अजन्मा जाने, बस इकलौता सबका साकी |
वह निष्पाप,ज्ञानी पीनेवाला, पाता मेरी ही मधुशाला |
75
मैं ही वह अंगूर हूँ जिसकी, पीते हैं सब ही हाला |
बना है मेरी ही माटी से, इस दृश्य जगत का सुन्दर प्याला |
अच्छी-बुरी भाव-मदिरा सब, मेरे ही कारण होती |
जो जाने यह तत्व-बीज वह, पा जाता है मधुशाला |
76
मेरे गुण प्रभाव से सज्जित, जो पाते संतुष्टि-प्याला |
जो मदमस्त झूमते हरदम, पीकर मेरी प्रेम की हाला |
मैं साकी बन भर देता हूँ, तत्व-ज्ञान की उनमें मदिरा |
जिसको पीकर उन्हें प्राप्त हो, मेरी ज्योतिर्मय मधुशाला |
77
मैं मिट्टी, मैं ही जल हूँ, मैं ही उससे बनता प्याला |
मैं ही बीज, अंगूर, लता, मैं ही उससे बनता हाला |
मैं ही साकी बन पिलाता, मैं ही बनता पीनेवाला |
मैं ही थिरकता इक नशा बन, मैं ही हूँ पूरी मधुशाला |
78
तू क्यों लालायित इतना, जानने को मेरी हाला |
मेरी एक बूंद से ही, झूम रहा यह जग सारा |
सत-रज-तम सभी का मादक, नशा भरा हुआ इसमें |
जिसने भी यह जान लिया वह, पहुँच गया मेरी मधुशाला |
 79
अर्जुन – उवाच –
हे माधव! तुम्हें जान ना पाया, कोई भी दानव-प्याला |
ना ही जान पाया कोई, तुम्हें सूरा पीनेवाला |
तुम पुरषोत्तम, महादेव, जगतपति सबके साकी |
तुम ही स्वयं, स्वयं से जानो, स्वयं की पावन मधुशाला |

           अध्याय – ग्यारह
80      
मुझमें देख अंगूर लताऐ, मुझमें देख हर पीनेवाला |
मुझमें देख सुर,असुर व मानव, मद,मदिरा,मधु,मय,हाला |
चन्द्र,सूर्य,नक्षत्र,सितारे, चमक रहे पी मेरी मदिरा |
मैं आदि-अन्त-मध्य पीने का, तू मुझमें देख पूरी मधुशाला |
81
अर्जुन – उवाच –
आप बीज अंगूर,लता के, आप ही से बनता हर प्याला |
सत-असत, गुण-निर्गुण व, आप ही काल व अमृत हाला |
आप व्याप्त विश्व के कण-कण, आप ही से हर पीनेवाला |
विश्वस्वरूप, अनन्तरूप, आप ही हो सच्ची मधुशाला |
82
ज्यों सागर की ओर दौड़ती, नदियों की वेगित धारा |
ज्यों पतंग मोहवश दौड़े, प्रज्वलित अग्नि की ज्वाला |
वैसे ही सब लोग उतरते, मदिरा से आप के मुख में |
तपित है यह जग देख आपकी, तेजमयी उग्र मधुशाला |
83
कृष्ण – उवाच –
मैं महा नशा बन महाकाल, आया लोकों के मदिरालय |
पिऊँगा उन सबकी मदिरा, दीखते यहाँ जो पीनेवाले |
तू निमित्त बन पीले बस, मेरी पी हुई इनकी मदिरा |
और यश,धन-धान्य का नशा, भोग तू इस जग की मधुशाला |
84
अर्जुन – उवाच –
देख उग्र विकराल रूप यह, भय से व्याकुल मन का प्याला |
मुझे पिलाओ विष्णुरूप बन, निर्भय प्रीति की मोहिनी हाला |
शंख,चक्र व गदा,पद्म हों, तेरे हाथों में साकी |
`हे विश्वरूप! तुम मुझे दिखाओ, सौम्य चतुर्भुज मधुशाला | 
85
कृष्ण – उवाच –
हे अर्जुन तू अब देख वह, चतुर्भुजी दुर्लभ प्याला|   
करें कामना देव भी जिसकी, पीने को हरदम हाला |
वेद,यज्ञ,दान,तप से ना, पा सकता यह कोई मदिरा |
अनन्य-भक्ति का नशा हो जिसमें, वही पाता यह मधुशाला |

              अध्याय – बारह
86
कृष्ण – उवाच –
जो हरदम मेरी ही मदिरा, पीते समझ प्यार का प्याला |
उस प्रेमी को मैं मानता, सबसे उत्तम पीनेवाला |
लेकिन जो हरदम पीता है, मेरी ही ज्ञान मदिरा |
वह समरस दीवाना एकदिन, पा जाता मेरी मधुशाला |
87
यदि असमर्थ तू पीने में, मेरे ध्यान का कल्पित प्याला |
तो मुझको पाने की कोशिश कर, पीकर मेरी ईच्छा हाला |
यदि यह भी मुश्किल लगता तो, मेरे ही निमित्त बस पी |
और त्याग पीने का नशा, पा जाएगा मधुशाला |
88
जो सुख-दुख सब द्वंदों का, सम रह कर पीता प्याला |
जो बिन स्वार्थ व अहंकार के, पीता हरदम मेरी हाला |
मुझे सदा ही अतिशय प्यारा, जो ऐसा पीनेवाला |
ऐसा दीवाना अमृत पी, पा जाता है मधुशाला |

              अध्याय – तेरह

‘क्षेत्र’ नाम से जाना जाता, यह शरीर जो एक प्याला |
जो इसे जानता वह ‘क्षेत्रज्ञ’, जीवात्मा, जीवनहाला |
परा-अपरा, प्रकृति-पुरुष, क्षर-अक्षर सब नाम इसी के |
जो तत्व से इसे जान ले, पा जाता मेरी मधुशाला |
90
कार्य-करण, इच्छा, देह, द्वन्द, द्वेष, चेतना, धृति की हाला |
ये सभी विकार भरे है जिसमें, कहलाता ‘क्षेत्र’ का प्याला |
जो साकी इनको जाने वह, जीवात्मा ‘क्षेत्रज्ञ’ कहलाता |
इन सबसे पर, परम-नशा जो, वही परमब्रह्म सच्ची मधुशाला |
91
मैं ही वह नशा जिससे, थिरक रहा है हर प्याला |
मैं ही दृष्टा एक साकी, मैं ही सम्मति की हाला |
मैं ही पिलाता हूँ सबको व, जीवरूप बन पीता हूँ |
मैं हर साकी का भी साकी, मैं ही हूँ सच्ची मधुशाला |
92
जो सब कर्मों को जाने, केवल प्रकृति भरा प्याला |
जो देखे मेरी सब भूतों में, मुझमें सब भूतों की हाला |
जो मुझे जाने निर्गुण, अविनाशी, अकर्ता न पीनेवाला|
वही जानता आत्म-नशा सच, वही पाता ब्रह्म-मधुशाला |

          अध्याय – चौदह
93
मेरी महत् ब्रह्म प्रकृति, सब भूतों का योनी प्याला |
मैं ही साकी बन भरता, उसमें चेतन जीवन-हाला |
जड़-चेतन के इस मिलन से, हर पीनेवाला बनता है |
मैं सत-रज-तम मदिरा से बंधता, देहरूपी इस मधुशाला |
94
जो निर्मल, प्रकाशित करता हरदम, वह सत्व का है प्याला |
जो और-और की रटन लगाता, वह रजोगुणी पीनेवाला |
जो प्रमाद व मोह में बाँधे, वह रजोगुणी मदिरा है |
जो द्रष्टा बन बस पीता सब, पा जाता वह मधुशाल |
 
           अध्याय – पन्द्रह
95
जिसने बैरागी बन छोड़ा, अहम्, मम, वासना प्याला |
और परमपद परमेश्वर की, जिसने पी ली हो हाला |
जो शरण सदा उस आदि-साकी के, जिससे फैला जग मदिरालय |
वह निर्द्वंद, नित्य, दृढ पीनेवाला, पाता अविनाशी मधुशाला |
96
जिसे नहीं मोहित करता, द्वन्द व आसक्ति प्याला |
जिसे प्रकाशित नहीं कर सके, सूर्य, चन्द्र व अग्नि-ज्वाला |
जिसे प्राप्त हो सच्चा आशिक, नहीं लौटता जग-मदिरालय |
वही है मेरा परम-धाम, वही है मेरी मधुशाला |

            अध्याय – सोलह
97
एक प्याले में भरी हुई, निष्काम,दान, करुणा हाला |
काम-क्रोध-लोभ मदिरा से, भरा हुआ दूजा प्याला |
पहला ‘दैविक’ दूजा ‘आसुरी’, पीनेवाला कहलाता |
जो आसुरी छोड़ पीये दैविक, वह पा जाता मधुशाला |
98
असुर-स्वभाव नहीं जानता, प्रवृति-निवृति प्याला |
वह मन्द-बुद्धि हरदम पीता, दम्भ,मान, मद, इच्छा हाला |
जो मृत्युपर्यंत चिंता-साकी से, पीता विषय-भोग की मदिरा |
वह पापी, क्रूर, नराधम पाता, बार-बार आसुरी मधुशाला |
99
जो कर्तव्य समझ कर पीता, उसका होता सात्विक प्याला |
जो चाहत की ही हरदम पीता, उसकी होती राजसी हाला |
मगर तामसी हरदम पीता, कल्पित, दम्भ, अहम् की मदिरा |
जैसा जिसका पीना होता, वैसी ही पाता मधुशाला |

              अध्याय – सत्रह
100
तीन नाम मेरी मदिरा के, जिससे व्याप्त यह सृष्टि प्याला |
‘ओम’ नाम से शुरु करता सब, मेरी मदिरा पीनेवाला |
‘तत्’ नाम से यह सारा जग, पीता मेरी ही हाला |
जो ‘सत्’ नाम की मेरी मदिरा, पीता पाता मधुशाला |

             अध्याय – अठारह
101   
पहले पीया हुआ नशा व, पीता अब जिस-जिस भी प्याला |
जिसके लिए पीता है तू, जैसे-जैसे यह हाला |
जो तन-मन-वाणी से पीता, उसके ये ही कारण हैं |
जो समझ यह मदहोश न हों, पा जाता है मधुशाला |
102
ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, क्षुद्र सब, पीते अपनी-अपनी हाला |
लेकिन सबका ही होता है, केवल मिट्टी का प्याला |
जो सुख में, दुख में, हर हाल में, पीता अपनी ही मदिरा |
वह मदमस्त हो पा जाता, आनंदमयी सच्ची मधुशाला |
103
चाहे धरती, चाहे नभ का, चाहे देवों का प्याला |
पूरी सृष्टि भरी हुई है, केवल त्रिगुणी ही हाला |
स्वस्वभाव के गुण की मदिरा, लेकिन जो पीता हरदम |
वह अन्त में पा ही जाता, मेरी सच्ची मधुशाला |
104
जो तू अहमवश नहीं चाहता, पीना यह रण का प्याला |
तो भी स्वभाव वश पीना होगी, तुझको यह रक्तिम-हाला |
मैं साकी अपनी सुराही से, पिला रहा सबको मदिरा |
तू हरदम मेरी ही मदिरा पी, पा जाएगा मधुशाला |
105
तू त्याग सभी धर्म मुझमें, बस थाम मेरा प्याला |
तू हरदम पी मन से केवल, मेरी ही भक्ति-हाला |
ऐसा करने से निश्चित तू, मुझ साकी को ही पाएगा |
फिर सब पापों से मुक्त हुआ तू, पाएगा मेरी मधुशाला |
106
जिसमें तप व भक्ति नहीं हो, उसे न देना गीता प्याला |
जो पीता हो बिन इच्छा के, उसे न पिलाना यह हाला |
उसे न चखाना यह मदिरा, जो दोष-दृष्टी रखता मुझ साकी |
जो प्रेम से इसका मधु पियेगा, पाएगा मेरी मधुशाला |
107
अर्जुन – उवाच –
तेरी कृपा से फूट गया, मोहरूपी मेरा प्याला |
तेरी कृपा से मैंने पी ली, स्मृति की पावन हाला |
अब मैं बस तेरी ही मदिरा, पीने को तैयार खड़ा |
जिसको पीकर मैं तेरी, पा जाऊँगा मधुशाला |
1o8
संजय – उवाच –
जहाँ सव्यसाची, गाण्डीवधारी, अर्जुन सा हो पीनेवाला |
जहाँ स्वयं भगवान पिलाते, साकी बन ज्ञान की हाला |
वहीं विजय, श्री, अचल-नीति व, विभूति की बहती मदिरा |
वहीं मिले पीनेवालों को, सच्ची, पावन मधुशाला |    


मेरी तो यह गीता के, प्यालों की बस एक माला |
जिसमें ज्ञान-भक्ति-कर्म की, भरी हुई जीवन-हाला |
सबके लिए खुली सदा यह, जितना जो चाहे पिले |
जो नित्य पियेगा यह मदिरा, वह पा जाएगा मधुशाला |
           ‘इति – शुभम्

No comments:

Post a Comment